द फॉलोअप डेस्क
रांची के मोरहाबादी स्थित साझा लाइब्रेरी में सुविधाओं की कमी और लगातार बढ़ती फीस को लेकर छात्रों ने शनिवार को विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि लाइब्रेरी में पिछले एक साल से पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं है, जबकि पिछले छह महीने से वाई-फाई की सुविधा भी बंद है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कई बार बिना उचित कारण छुट्टी कर दी जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं, बाथरूम की नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने लाइब्रेरी के समय को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि केंद्रीय और स्टेट लाइब्रेरी की तुलना में सांझा लाइब्रेरी को जल्दी बंद कर दिया जाता है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को परेशानी होती है। छात्रों ने पर्याप्त किताबें उपलब्ध नहीं होने का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि जरूरी अध्ययन सामग्री की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा छात्रों ने हर चार महीने में फीस बढ़ाए जाने पर भी सवाल उठाए। छात्रों की मांग है कि लाइब्रेरी में पेयजल, वाई-फाई, साफ-सफाई, पर्याप्त किताबों और पढ़ाई के लिए उचित समय की व्यवस्था की जाए। साथ ही बार-बार फीस बढ़ाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए, ताकि छात्रों को बेहतर माहौल में पढ़ाई करने की सुविधा मिल सके।
