logo

संतोष गंगवार ने झारखंड के 12वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

ुोलुो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के 12वें राज्यपाल के रूप में संतोष गंगावार ने शपथ ले ली है। झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद ने संतोष गंगवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन,विधानसभा स्पीकर रवींद्रनाथ महतो के साथ ही राज्य के कई मंत्री और भाजपा के कई नेता मौजूद थे। सबों ने शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार को शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि 28 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के कई राज्यों में राज्यपाल की नियुक्ति की। जिसमें संतोष गंगवार को झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। वहीं झारखंड के राज्यपाल रहे सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्पाल बनाया गया। 


मालूम हो कि 75 वर्षीय संतोष गंगवार बरेली (उत्तर प्रदेश) के रहनेवाले हैं। बरेली से आठ बार सांसद रहे संतोष गंगवार केंद्र में श्रम व रोजगार राज्य मंत्री सहित वित्त राज्य मंत्री, कपड़ा राज्य मंत्री, पेट्रोलियम राज्य मंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही संसदीय कार्य राज्य मंत्री भी रहे हैं। 1996 में ये उत्तरप्रदेश भाजपा के महासचिव भी थे। इसके अलावा कार्यसमिति के सदस्य भी रह चुके हैं।  बरेली में इनकी ख्याति विकास पुरुष के रूप में है। ये बरेली में शहरी को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरपर्सन भी रह चुके हैं। इन्होंने बीएससी और एलएलबी की डिग्री आगरा विवि औक महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विवि से प्राप्त की. देश में इमरजेंसी के दौरान ये जेल भी जा चुके हैं। 


संतोष गंगवार मंगलवार की शाम ही रांची पहुंचे। मंगलवार की शाम एयरपोर्ट से संतोष गंगवार सीधे राजभवन पहुंचे। रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बैद्यनाथ राम और मिथिलेश ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे। राज्यपाल संतोष गंगवार के साथ उनका बेटा अपूर्व और बेटी श्रुति भी रांची पहुंचे हैं। मालूम हो कि मंगलवार को ही झारखंड के राज्यपाल रहे सीपी राधाकृष्णन को विदाई दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनको सप्रेम विदाई दी और विश्वास जताया था कि सीपी राधाकृष्णन का स्नेह और मार्गदर्शन झारखंड को मिलता रहेगा। 
 

Tags - Santosh Gangwar Former Union Minister BJP Leader Uttar Pradesh Politics Labour MinisterTextile Minister Indian Polit ician Government Official Public Figure Political News Santosh Gangwar Jharkhand