logo

सरायकेला-खरसावां में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 1 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार 

सरायकेला-खरसावां में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 1 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार 

सरायकेला-खरसावां 
सरायकेला-खरसावां जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आमदा ओपी क्षेत्र में देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 1 किलो 54 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगेश्वर प्रधान उम्र 34 वर्ष, पिता लक्ष्मीकांत प्रधान, निवासी लवजूड़ा काला, पोस्ट गोपीनाथपुर, थाना टोकलो, जिला पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है।

पुलिस जांच को देखकर भागने का प्रयास

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल-काले रंग की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बड़ाबाम्बो से खमारडीह होते हुए आमदा की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आमदा ओपी क्षेत्र के रेलवे ब्रिज के समीप देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया। रात के करीब 1:45 बजे संदिग्ध बाइक सवार पुलिस जांच को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के झोले से 1 किलो 54 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना 

बरामद सामान को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई को भी उसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा सकता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था तथा इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस सफल अभियान में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान के साथ कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Tags - Anti Crime Checking Drug Trafficking Jharkhand Police Action Narcotics Control Police Investigation