जमशेदपुर
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विधायक सरयू राय ने नवनियुक्त अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र यादव को पत्र लिखकर दो दर्जन से अधिक सवाल पूछे हैं। उन्होंने मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना की वर्तमान स्थिति, जलापूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन विस्तार, जल टैंकर संचालन और विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है। अपने पत्र में सरयू राय ने इंटेकवेल की स्थिति, वहां स्थापित मोटरों की कार्यक्षमता, प्रतिदिन नदी से खींचे जाने वाले पानी की मात्रा तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी मांगी है। उन्होंने यह भी पूछा है कि शोधन के बाद पानी किस टंकी में कितनी देर तक पहुंचाया जाता है और विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति का समय एवं अवधि क्या है।

पेयजल पाइपलाइनों की स्थिति पर भी सवाल
विधायक ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में बिछायी गयी पेयजल पाइपलाइनों की स्थिति पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा है कि किन-किन मोहल्लों तक पाइपलाइन पहुंची है, किन क्षेत्रों में पाइपलाइन होने के बावजूद जलापूर्ति नहीं हो रही है तथा कितने इलाकों में आधी रात के बाद पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा जलापूर्ति के लिए संचालित टैंकरों की संख्या और उनके कार्यक्षेत्र की जानकारी भी मांगी गयी है। पत्र में बालीगुमा जलमीनार तक एनएच-33 के रास्ते पाइपलाइन ले जाने की प्रगति, उपभोक्ताओं को पानी नहीं मिलने के बावजूद बिल भेजे जाने की शिकायतों की सच्चाई तथा इंटेकवेल में जमा बालू हटाने और सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य की स्थिति पर भी जानकारी मांगी गयी है। सरयू राय ने इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और जलमीनारों की सफाई व्यवस्था तथा उनकी अंतिम सफाई की तिथि बताने को भी कहा है।

जानकारी और जमीनी हकीकत में कितना अंतर
उन्होंने पेयजल परियोजना के डीपीआर में निर्धारित लक्ष्य और उसकी उपलब्धि की स्थिति जानने के साथ-साथ मानगो नगर निगम क्षेत्र में विधायक निधि और जिला योजना से संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी है। राय ने पूछा है कि तीन माह से अधिक पहले शिलान्यास की गई कितनी योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, कितनी निर्माणाधीन हैं और कितनी योजनाओं पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। साथ ही योजनाओं में हो रही देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी भी मांगी है। पत्र में सरयू राय ने कहा है कि अपर नगर आयुक्त ने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है, इसलिए यह जानना आवश्यक है कि अधीनस्थ अधिकारियों ने उन्हें निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं और जलापूर्ति व्यवस्था के बारे में क्या जानकारी दी है तथा उस जानकारी और जमीनी हकीकत में कितना अंतर है।
.jpeg)