द फॉलोअप डेस्क
आज सावन की पहली सोमवारी है। इसे लेकर शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। सभी बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर सुबह 4:00 बजे से ही भक्तों का तांता लगा है। भारी संख्या में श्रद्धालु भगवा पहन कर बैद्यनाथ धाम पहुंच रहे हैं। पूरा क्षेत्र बोल बम के नारे से गूंज रहा है। भीड़ नियंत्रण और सुलभ जलार्पण को लेकर देवघर जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर तरफ चाक-चौबंद की व्यवस्था की गई है।

हरिहर धाम में भी उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
बगोदर स्थित भारत के अनोखे शिव मंदिर हरिहर धाम में भी शिवभक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है। सुबह में मंदिर का पट खुलते ही शिवभक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। इस बीच बोल बम और हर हर महादेव के नारे से मंदिर परिसर गूंजयमान हो रहा है। बाबा भोलेनाथ की आराधना के पूर्व बड़ी संख्या में शिवभक्तों के द्वारा बगल से गुजरे उत्तरवाहिनी जमुनिया नदी में स्नान किया जाता है और बाबा का जलाभिषेक करने के लिए जल लाया जाता है। मंदिर के पुजारी विजय कुमार पाठक बताते हैं कि सावन की सोमवारी के मौके पर बाबा भोले पर जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों की भीड़ सुबह से होने लगी है जो शाम तक जारी रहेगा। बता दें कि शिवलिंगाकार हरिहर धाम मंदिर के प्रति इलाके के लोगों की आस्था यह है कि यहां पूजा-आराधना करने से जीवन मंगलमय और सुखमय व्यतीत होता है। शिवलिंगाकार और 65 फीट ऊंची इस मंदिर को भारत का अनोखा शिव मंदिर के नाम से भी जाना जाता है।

सोमवारी व्रत का महत्त्व
सावन के सोमवार का व्रत रखने से विवाह के योग बनते हैं। इस व्रत को करने से माता पार्वती को शिवजी पति स्वरूप प्राप्त हुए। इस वजह से मनचाहे जीवनसाथी की प्राप्ति के लिए सावन सोमवार व्रत रखा जाता है। इसके अलावा भक्तगण शिव कृपा प्राप्ति के लिए सावन सोमवार व्रत रखते हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N