Ranchi News
Babulal Marandi seeks DGP resignation : बाबूलाल मरांडी ने डीजीपी तदाशा मिश्रा को इस्तीफा देने की नसीहत दी है। सुप्रीम कोर्ट में चल रहे डीजीपी तदाशा मिश्रा की नियुक्ति से जुड़े मामले को उठाया है। एक्स पर पोस्ट कर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अदालत के फैसले का इंतजार करने के बजाय डीजीपी को खुद इस्तीफा देकर अपनी और झारखंड की प्रतिष्ठा बचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पद और वर्दी की गरिमा बनाए रखने का फैसला डीजीपी खुद ले सकती हैं।
नियुक्ति प्रक्रिया पर सरकार से सवाल
मरांडी ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान डीजीपी नियुक्ति की प्रक्रिया और उसके कानूनी आधार को लेकर राज्य सरकार से सवाल किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना होगा कि डीजीपी की नियुक्ति में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों का पालन किया गया है या नहीं। मरांडी ने पुलिस अधिनियम के तहत बनाए गए नियुक्ति नियमों के कानूनी आधार पर भी सवाल उठाए।

पुलिस व्यवस्था पर भी लगाए आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने झारखंड की पुलिस व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि डीजीपी के पद पर तदाशा मिश्रा होने के बावजूद पुलिस व्यवस्था की वास्तविक कमान मुख्यमंत्री आवास से जुड़े अजय सिंह के हाथों में बताई जा रही है। मरांडी ने सवाल उठाया कि यदि महत्वपूर्ण फैसलों में किसी अन्य व्यक्ति का प्रभाव है तो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के रूप में डीजीपी की भूमिका क्या रह जाती है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले में जवाबदेही और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।