logo

धनबाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के बाद धारा-144 लागू, 20 लोग गिरफ्तार

dhanbad9.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस दौरान आधा दर्जन बम धमाके से इलाका दहल उठा। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति गंभीर देखते हुए इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस बात की जानकारी धनबाद एसडीएम ने दी है। उन्होंने बताया कि अगले आदेश तक कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद, केलूडीह और आकाशकिनारी में धारा 144 लागू रहेगा। वहीं इस मामले में एक महिला सहित 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


 पुलिस के अनाउंसमेंट के बाद भी लोग नहीं माने
मिली जानकारी के अनुसार छाताबाद केलूडीह खटाल में टोटो बैट्री चार्जर चोरी होने के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दरअसल दो परिवारों के बीच की लड़ाई में असामाजिक तत्व हावी हो गए और दो परिवारों की बीच की लड़ाई को आपसी सौहार्द बिगाड़ने का कारण बना दिया।  छोटी सी मारपीट की घटना हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। जमकर पत्थरबाजी और बमबाजी की गई। जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस के अनाउंसमेंट के बाद भी लोग नहीं माने। जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रशासन ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस क्रम में दोनों पक्ष से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जबकि कई पुलिस जवान व पदाधिकारियों को भी चोटें आयी हैं। 

पुलिस छावनी में बदला पूरा इलाका
 तनाव को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी है। दोनों गुटों के घंटों तक एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने के बाद पुलिस ने किसी तरह शांति व्यवस्था बहाल करने में सफलता पाई। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उपद्रवियों के खिलाफ जमकर लाठी भी भांजी। जो भी सड़क किनारे बेवजह घूम रहे थे, उसे पुलिस की लाठी खानी पड़ी। शांति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल फ्लैग मार्च में शामिल थे। वहीं इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित 20 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।

 हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N