द फॉलोअप डेस्क, रांची:
राजधानी रांची स्थित जेएससीए स्टेडियम में 09 अक्टूबर को होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज के दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। रांची में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैच के सफल आयोजन के लिए विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के सहित कई प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। रांची डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन की व्यापक एवं पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पूरे स्टेडियम परिसर एवं उसके आस-पास की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
.jpeg)
प्रतिबंधित वस्तु लेकर स्टेडियम परिसर में प्रवेश न करें
विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया कि दोपहर 3 बजे इंट्री शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आस-पास इकट्ठा नहीं होने दिया जाए, ताकि मैच के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। दर्शकों को निर्धारित गेटों से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि वे इंट्री गेट खुलने से पहले ही पहुंचकर निर्धारित स्थान पर कतार में लग जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे आनंदपूर्वक मैच का लुत्फ उठा सकें। साथ ही, दर्शकों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे कोई भी प्रतिबंधित वस्तु लेकर स्टेडियम परिसर में प्रवेश न करें।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं जेएससीए पदाधिकारियों को संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन रांची की छवि को और मजबूत करने वाला साबित हो। बैठक में रांची एसएसपी राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय, सचिव सौरभ तिवारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने शहरवासियों एवं क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि यह अंतरराष्ट्रीय मैच पूरी शांति, सुरक्षा एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।