द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने 17 लाख रुपये के इनामी चार कुख्यात नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इन चारों में दो महिला नक्सली भी शामिल थीं। यह मुठभेड़ शनिवार शाम से शुरू हुई थी जो रविवार दोपहर तक चली।
बीजापुर के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र, बासागुड़ा और गंगलूर थाना के सरहदी जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बड़ा तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान माओवादी संगठन के दक्षिण सब जोनल ब्यूरो से जुड़े चार नक्सली मारे गए। इनमें तीन एक्टिव कंट्रीब्यूशन मेंबर (ACM) स्तर के थे और एक पार्टी सदस्य कमांडर था।
मुठभेड़ के बाद जब घटनास्थल की तलाशी ली गई तो सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। इनमें एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक .303 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, बीजीएल लांचर और सिंगल शॉट हथियार शामिल हैं। इसके अलावा नक्सलियों से संबंधित कई अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में नक्सल गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना मिलने पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया। इसी अभियान के दौरान 26 जुलाई की शाम को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही।
मारे गए नक्सलियों की पहचान
हुंगा- एसीएम, प्लाटून नंबर 10, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो, इनाम: 5 लाख
लक्खे- एसीएम, प्लाटून नंबर 30, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो, इनाम: 5 लाख
भीमे- एसीएम, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो, इनाम: 5 लाख
निहाल उर्फ राहुल- पार्टी सदस्य, संतोष (ब्यूरो कम्युनिकेशन टीम हेड) का गार्ड, इनाम: 2 लाख
