logo

ऑपरेशन डबल बुल : लोहरदगा के इस जंगल में नक्सलियों ने छिपाया था हथियारों का जखीरा, 'जब्त'

operation.jpg

रांची: 

नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन डबल बुल के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। सुरक्षाबल के जवानों ने 11 मार्च (शुक्रवार) को भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। गौरतलब है कि भाकपा (माओवादी) उग्रवादियों के रिजनल कमांडर रविंद्र गंझू, जोनल कमांडर छोटू खेरवार, सबजोनल कमांडर रंथु भगत सहित पूरे दस्ते के खिलाफ सुरक्षाबल ने ऑपरेशन डबल बुल छेड़ रखा है। इसके तहत लगातार अभियान जारी है। 

अब तक कुल 11 नक्सलियों की गिरफ्तारी
गौरतलब है कि कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर, झारखंड जगुआर का बीडीडीएस दस्ता, सैट बल और जिला बल के जवान बीते 8 फरवरी से ही ऑपरेशन डबल बुल के तहत लोहरदगा और लातेहार के उग्रवाद प्रभावित इलाकों में अभियान चला रहे हैं। इस कड़ी में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच 10 बार भीषण मुठभेड़ हो चुकी है। इसमें 10 लाख के एक इनामी नक्सली सहित लोहरदगा और लातेहार जिले के कुल 11 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। 

लोहरदगा के पेशरार थानाक्षेत्र में हथियार जब्त
ऑपरेशन डबल बुल के तहत ही शुक्रवार को सुरक्षाबल के जवानों ने लोहरदगा जिले के पेशरार थानाथेत्र अंतर्गत ग्राम पुतरार और बाड़ी के जंगलों में छिपाकर रखा गया हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। जवानों ने यहां से .303 का 1 रेगुलर राइफल, .303 बोर की 95 जिंदा गोली, राइफल का 1 मैगजीन, 1 कार्बाइन मशीनगन, 9 एमएम  बोर की 97 जिंदा गोली, कार्बाइन मशीनगन की 2 मैगजीन, 12 चार्जर, अलग-अलग साइज का 150 टिफिन बम और 1 प्लास्टिक डब्बा बरामद किया है। 

साजिश के तहत जमा किया गया था हथियार! 
गौरतलब है कि इस अभियान में कोबरा, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर, झारखंड जगुआर के बीडीडीएस दस्ता, सैट बल और जिला बल के जवानों ने हिस्सा लिया था। सुरक्षाबल का कहना है कि इन हथियारों को किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के इरादे से जमा किया गया था और उपरोक्त स्थान पर छिपाकर रखा गया था लेकिन समय रहते इसे जब्त कर लिया गया।