logo

गिरिडीह में डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा : जमीन को लेकर रंजिश थी, जादू-टोना का आरोप लगाकर दंपति की हत्या; संबंधियों ने रचा षड्यंत्र...

a537.jpg

मधुबन/गिरिडीह:

मधुबन थानाक्षेत्र के दलान चलकरी गांव के तिरिलटांड़ टोला में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का गिरिडीह पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियारों के साथ खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जादू-टोना के संदेह तथा पुराने भूमि विवाद को लेकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। जानकारी के अनुसार 2-3 जून की दरमियानी रात अज्ञात अपराधियों ने दलानचकरी गांव निवासी पतिया हांसदा एवं उनकी पत्नी परनी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले को लेकर मधुबन थाना में कांड संख्या 06/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

डुमरी SDPO के नेतृत्व में बनी थी एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान किया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक के गोतिया पक्ष के कुछ लोगों ने जादू-टोना करने के संदेह और लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद के कारण हत्या की साजिश रची थी।

संबंधियों ने षड्यंत्र रचकर दंपति की हत्या की
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रमेश हांसदा, पांडु हांसदा एवं विजय हांसदा ने धारदार हथियार से दंपति की हत्या की थी। वहीं दोधमा हांसदा, बबलु हांसदा, मोती हांसदा तथा सिकरा हांसदा ने घटना को अंजाम देने में सहयोग किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 1 लोहे की तलवार, 2 लोहे का छुरा, 1 गुलाबी रंग का सूती गमछा तथा खून के धब्बे लगे जींस, टी-शर्ट और गमछा बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक की अपराधियों को नसीहत
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ आबिद खान, अंचल निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद महतो, मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार, खुखरा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में किसी भी गंभीर अपराध में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Tags - JharkhandGiridihDouble MurderCrime News