रांची
झारखंड में तेज गर्मी के बीच कई जिलों में मौसम ने करवट ली है. हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. खासकर रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह और देवघर में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे पश्चिमी जिलों में आज बारिश के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 से 7 मई तक राज्य के कई इलाकों में मौसम सक्रिय बना रहेगा. इस दौरान पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश जगहों पर बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.
पलामू जिला रहेगा सबसे गर्म
तापमान की बात करें तो पहले इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे मामूली गिरावट आने की संभावना है. आज पलामू जिला सबसे अधिक गर्म रहने की उम्मीद है, जहां तापमान 40°C तक पहुंच सकता है. वहीं गिरिडीह, रामगढ़ और देवघर में पारा 38 से 39°C के बीच रह सकता है. दूसरी ओर रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 32 से 34°C और न्यूनतम 22 से 23°C रहने का अनुमान है. दक्षिण-पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 से 22°C के आसपास रहने की संभावना है.
.jpeg)