नंदलाल तुरी
झारखंड के मंत्री सुदीव्यू कुमार सोनू से झामुमो के पूर्व केंद्रीय समिति सदस्य शाहिद इक़बाल ने पाकुड़ नगर परिषद के लिए नई बिल्डिंग और मैरेज हॉल निर्माण की मांग करते हुए एक आवेदन प्रस्तुत किया। शाहिद इक़बाल ने कहा कि यह पहल पाकुड़ की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगर परिषद के पास एक आधुनिक बिल्डिंग नहीं है, जिससे कार्यालयीन कार्यों में दिक्कत होती है। साथ ही, पाकुड़ में एक अच्छे मैरेज हॉल की भी आवश्यकता है, जहां लोग अपने समारोहों को आसानी से आयोजित कर सकें।
इसके अलावा, शाहिद इक़बाल ने कुमार कालिदास मेमोरियल कॉलेज (KKM कॉलेज) में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पाकुड़ के छात्र-छात्राएं एमए की पढ़ाई के लिए अन्य जगहों पर जाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि कॉलेज में एमए (उर्दू, सोशियोलॉजी, इंग्लिश, हिंदी, इतिहास, भूगोल, इकोनॉमिक्स, फिलॉसफी, पॉलिटिकल साइंस) और एमएससी (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स, बॉटनी, ज़ूलॉजी) की पढ़ाई शुरू की जाए। नगर विकास एवं उच्च शिक्षा मंत्री सुदीव्यू कुमार सोनू ने इस संबंध में शाहिद इक़बाल को आश्वासन दिया कि इस विषय पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
