logo

शर्मनाक : डायन बिसाही के आरोप में महिला को पिलाया मैला

सोतो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के नेतरहाट थाना क्षेत्र के दौना गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि अंधविश्वास के चलते गांव के कुछ लोगों ने एक वृद्ध व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार किया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव में हुई एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने अंधविश्वास के आधार पर गांव के एक बुजुर्ग पर ओझा-गुणी होने का आरोप लगा दिया। इसी मुद्दे पर गांव में एक बैठक बुलाई गई, जिसमें कथित रूप से उस वृद्ध को दोषी ठहराते हुए उसे सजा देने का फैसला लिया गया। आरोप है कि बैठक के बाद ग्रामीणों ने जबरन वृद्ध को गंदा पानी (मैला) पिला दिया। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उसे भी अपमानित करने की कोशिश की गई। हालांकि, वृद्ध के पुत्र ने हस्तक्षेप कर अपनी मां को इस अपमानजनक कृत्य से बचा लिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, जब गांव की सहिया इस घटना का विरोध करने और रोकने पहुंची, तो कुछ लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने थाना प्रभारी को जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर त्वरित कदम उठाए जाएंगे।