logo

दुकान का ताला तोड़कर एक करोड़ के उपकरण हटाने का आरोप, संचालक ने दर्ज कराई शिकायत

मपदी3.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक प्रिंटिंग प्रेस संचालक ने दुकान की मालकिन और उसके पुत्र पर दुकान का ताला तोड़कर करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के प्रिंटिंग उपकरण, मशीनें और अन्य सामान हटाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित कंस्ट्रक्शन एरिया में समृद्धि इंक्लेव के बेसमेंट में सम्राट एंटरप्राइजेज नामक प्रिंटिंग प्रेस का संचालन करता है। करीब 533 वर्गफुट क्षेत्रफल वाली दुकान का मासिक किराया 25 हजार रुपये है, जिसका भुगतान वह वर्ष 2019 से दुकान की मालकिन चंद्रवती शर्मा और उनके पुत्र सोनल शर्मा को करता आ रहा है।


फोन पर मिली दुकान खाली होने की सूचना
प्रेस संचालक ने बताया कि 4 जून 2026 को उसी भवन में रहने वाले नवल कुमार अग्रवाल ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान पूरी तरह खाली कर दी गयी है और वहां पेंटिंग का कार्य चल रहा है। सूचना मिलने के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनके द्वारा लगाया गया ताला हटाकर दूसरा ताला लगा दिया गया था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें जानकारी मिली कि दुकान से सभी सामान हटाये जा चुके हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दुकान मालकिन चंद्रवती शर्मा और उनके पुत्र सोनल शर्मा ने मिलकर दुकान का ताला तोड़ा और वहां रखे सभी उपकरण एवं सामान हटा लिये। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


एक करोड़ रुपये के सामान हटाने का दावा
प्रेस संचालक के अनुसार, हटाये गये सामानों में चार अत्याधुनिक जेरॉक्स मशीनें, पेपर एवं स्टिकर कटिंग मशीन, इनवर्टर और बैटरियां, सीसीटीवी कैमरे, आयरन रैक, वैक्यूम क्लीनर, बड़ी मात्रा में प्रिंटिंग सामग्री, कंप्यूटर, फर्नीचर तथा स्प्लिट एसी शामिल हैं। उनका दावा है कि इन सभी उपकरणों और सामग्रियों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और सामान बरामद करने की मांग की है। इधर, शिकायत मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।


 

Tags - Crime Jamshedpur Business Theft Jharkhand