logo

हजारीबाग : श्री ज्वेलर्स फायरिंग कांड का खुलासा, उत्तम यादव गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार, पुलिस ने कराई परेड

HZB_UTTAM_YADAV_GIROH.jpg

दे फॉलोअप डेस्क 
हजारीबाग में बीते 22 जून को महावीर स्थान स्थित श्री ज्वेलर्स में दो नकाबपोश अपराधियों ने 7-8 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। इस फायरिंग की जिम्मेदारी उत्तम यादव नामक युवक ने सोशल मीडिया पर ली थी। घटना के बाद पूरे हजारीबाग में सनसनी फैल गई थी। भय के कारण स्वर्ण व्यवसायियों ने दो दिन तक अपनी दुकानें बंद रखीं थी और कैंडल मार्च निकालकर विरोध भी जताया था।
इसके बाद व्यवसायियों को अलग-अलग नंबरों से रंगदारी वसूली और लेवी की मांग की जाने लगी, जिससे शहर में डर और अफवाहों का माहौल गहरा गया। स्वर्ण व्यवसायियों ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई थी।

इस मामले को लेकर आज हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तम यादव गिरोह के सदस्य हथियारों से लैस होकर एक काली पल्सर बाइक और ग्रैंड विटारा कार में सवार होकर शहर में बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एक विशेष SIT टीम का गठन किया गया और कार्मेल स्कूल मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एक काली पल्सर और एक ग्रैंड विटारा कार को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देख दोनों वाहन वेल्स ग्राउंड की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को धर दबोचा। वहीं कार में बैठे पांच युवक भी मौके से गिरफ्तार किए गए।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार युवक उत्तम यादव गिरोह के सदस्य हैं और उसके इशारे पर घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनमें से शक्ति गिरी उर्फ साइको टाइगर, यह वही युवक है जिसने श्री ज्वेलर्स पर फायरिंग की थी। इसके अलावा गिरोह के दो अन्य सदस्य नीतीश कुमार और बादल कुमार सिंह को रांची के करमटोली से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 7.65 बोर की जिंदा गोली, दो मोबाइल और एक लाल रंग का गमछा बरामद किया गया। जब्त हथियार और सामान में एक 9mm पिस्टल,एक 7.65 पिस्टल,9mm की 4 जिंदा गोलियां,KF 8mm की 3 गोलियां,ग्रैंड विटारा कार,बजाज पल्सर मोटरसाइकिल है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शक्ति गिरी उर्फ साइको टाइगर (24 वर्ष), पत्थलगड़ा, चतरा,मनीष यादव (20 वर्ष), बेलवाड़ी, चतरा,मुकेश कुमार सोनी (22 वर्ष), बाजार टंड, चतरा ,राहुल कुमार वर्मा (21 वर्ष), इचाक गिद्धौर, चतरा,शुभम अग्रवाल (19 वर्ष), केसरी चौक, चतरा,गोलू कुमार (21 वर्ष), इचाक गिद्धौर, चतरा,रवि रोशन (23 वर्ष), सतरा, चतरा,नीतीश कुमार (बरकट्ठा, हजारीबाग),बादल कुमार सिंह (सोहर, चौपारण, हजारीबाग)के निवासी थे, सभी की उम्र 25 साल से कम है।

गिरफ्तार 9 अभियुक्तों को हजारीबाग समाहरणालय से जिला परिषद चौक तक परेड कराते हुए ले जाया गया। इस दौरान शहरवासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। सभी अभियुक्त अपने चेहरे को छिपाते नजर आए। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा, “हजारीबाग में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गैंगवार जैसी मानसिकता रखने वालों की जगह अब सलाखों के पीछे है।”



 

Tags - hazaribagh Shree jwellers Firing case hazaribagh Shree jweleers Firing case Solved latest Jharkhand News jharkhand Updates uttam yadav gangster Uttam yadav news Uttam yadav Shooters Arrested latest jharkhand News