द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पांडू प्रखंड मुख्यालय स्थित व्यस्त बाजार में बीती रात हुई एक बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए नई तकनीक का इस्तेमाल कर लाखों रुपये के गहने उड़ा लिए। जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान के शटर के नीचे “जैक” लगाकर उसे ऊपर उठाया और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने दुकान के भीतर बने लॉकर को गैस कटर से काटकर सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। बताया जाता है कि यह दुकान महूगांवा निवासी ओमप्रकाश सोनी और बाबूलाल सोनी की है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विगेश कुमार राय और पुलिस अंचल निरीक्षक रामआशिष पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच तेजी से की जा रही है और अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। घटना से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बाजार में रात्रि प्रहरी (चौकीदार) नियुक्त करने और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पांडू थाना बाजार से काफी दूरी पर स्थित होने के कारण क्षेत्र असुरक्षित बना हुआ है। व्यापारियों ने यह भी मांग की है कि पुलिस अंचल निरीक्षक का कार्यालय रेहला से हटाकर पांडू बाजार के पास स्थानांतरित किया जाए।
