logo

शादी तय होने के बाद युवती की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग का मामला

जगतो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली गांव में शनिवार अहले सुबह एक युवती को गोली मार दिए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को परिजन तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, रांची ले जाने के दौरान बीच रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। मृत युवती की पहचान नवाटोली गांव निवासी मो. हुसैन की 22 वर्षीय पुत्री जेबा परवीन के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार युवती के सिर में गोली लगी थी, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। जेबा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि उसकी मां स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और राशन दुकान का संचालन करती हैं।

प्रेम प्रसंग का एंगल आया सामने
घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जेबा और एक युवक के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि युवती की शादी कहीं और तय हो चुकी थी, जिसके बाद परिजनों ने युवक को दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी। इसके कुछ समय बाद ही गोलीबारी की यह घटना हुई।

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी
कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

 

Tags - SimdegaNews JharkhandCrime LoveAffairCase PoliceInvestigation CrimeUpdate