logo

सिमडेगा पुलिस ने 81 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए, चेहरे पर लौटी मुस्कान

सदव2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 81 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के जरिए इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। बरामद किए गए मोबाइल फोन को एसपी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके मालिकों को सौंपा गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की पहल से उन्हें राहत मिली।


इस मौके पर एसपी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन आज के समय में लोगों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है, और इसके खोने पर होने वाली परेशानी को पुलिस भली-भांति समझती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिमडेगा पुलिस हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर रही है और आगे भी नागरिकों के विश्वास को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं, क्योंकि ऐसे मोबाइल का इस्तेमाल साइबर अपराध या अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है, जिससे असली मालिक को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।