logo

हॉकी की नर्सरी सिमडेगा की नई उड़ान, संदीपा-पुष्पा को मिला सम्मान, DC बोलीं-पूरे जिले को गर्व 

sim_HOCKEY.JPG

सिमडेगा

सिमडेगा उपायुक्त (DC) कंचन सिंह ने अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी में भारतीय टीम के लिए कांस्य पदक जीतकर लौटीं सिमडेगा की प्रतिभावान खिलाड़ी संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी को सम्मानित किया। इस अवसर पर डीसी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि पूरे सिमडेगा के लिए गर्व का विषय है। भारतीय टीम की कांस्य पदक जीत में सिमडेगा की बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डीसी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और देश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करें।

बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही

उन्होंने कहा कि सिमडेगा लंबे समय से हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान रखता है और यहां की बेटियां लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। गौरतलब है कि 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामीगाहारा में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। भारत की ओर से संदीपा कुमारी ने महत्वपूर्ण गोल दागकर टीम को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी अपने नाम किया। वहीं सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में संदीपा और पुष्पा दोनों ने गोल कर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया था। सम्मान समारोह में खेल विभाग के अधिकारी, हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी, कोच, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags - DC Kanchan Singh Sandeepa Kumari Pushpa Manjhi India Under 18 Womens Asia Cup Hockey India Hockey Team