द फॉलोअप डेस्क
तालाब और जलाशय मत्स्य विकास एवं जीर्णोद्धार योजना के अंतर्गत सिमडेगा जिले में मत्स्य संपदा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा केला घाघ जलाशय में मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने 2,20,000 मेजर कार्प एवं 1,00,000 ग्रास कार्प मत्स्य अंगुलिकाएं जलाशय में छोड़ीं। इस योजना का उद्देश्य जिले में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना, मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि करना तथा ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाना है। संचयन कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला मत्स्य पदाधिकारी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, मनोनीत मत्स्य पालक प्रतिनिधि तथा मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड, सिमडेगा के सदस्य उपस्थित थे।
उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मत्स्य पालकों से जलाशयों के संरक्षण, स्वच्छता तथा समुचित देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की, ताकि जिले में मत्स्य उत्पादन की क्षमता को और अधिक बढ़ाया जा सके।
