logo

झामुमो का महापरिवार छोड़कर मोदी के विशाल परिवार में आ गई हूं, बोलीं सीता सोरेन

a3411.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

जामा विधायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहू, सीता सोरेन आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में महासचिव विनोद तावड़े और झारखंड बीजेपी के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी की मौजूदगी में सीता सोरेन ने पार्टी का दामन थाम लिया। इस मौके पर सीता सोरेन ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए उनके ससुर शिबू सोरेन और पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन ने खून-पसीना बहाया लेकिन 24 साल बाद भी राज्य, विकास से कोसों दूर है। सीता सोरेन ने कहा कि हम झारखंड को झुकाएंगे नहीं बल्कि जिताएंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी, प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीतेगी। सीता सोरेन ने कहा कि मैं आज खुशी और गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। 

मोदी के विशाल परिवार में शामिल हुई हूं!
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब सीता सोरेन ने कहा कि मैं आज झामुमो का महापरिवार छोड़कर, मोदी के विशाल परिवार में शामिल हो रही हूं। मैं देश और विश्व के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच से प्रभावित हूं। देश में विकास का बहुत सारा काम हो रहा है। जेपी नड्डा, अमित शाह और देवेंद्र फड़णवीस सरीखे नेता, दिन रात देश के विकास का खाका खींचने में लगे हैं। चुनाव का समय आ गया है। पूरे देश से ऐसी सूचना मिल रही है कि लोग भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों पर भरोसा जता रहे हैं। इस विशाल परिवार के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को देखकर ही मैंने इसमें जुड़ने का फैसला किया। 

14 साल से झामुमो में काफी संघर्ष किया है
सीता सोरेन ने कहा कि मैं झारखंड में काफी संघर्ष किया है। 14 साल से झारखंड मुक्ति मोर्चा में थी। ससुर, शिबू सोरेन और पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की अगुवाई में झारखंड अलग राज्य बना। उनका सपना था विकसित झारखंड। उन्होंने खूब मेहनत की। संगठन बनाया। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी लेकिन, उनकी लड़ाई अधूरी रह गई। स्वर्गीय दुर्गा सोरेन चाहते थे कि वे राजनीति में आएं। विधायक और सांसद बनें। लोगों की सेवा करें लेकिन उनकी असमय मृत्यु से ऐसा नहीं हो सका। उनका सपना पूरा करने ही मैं भी राजनीति में आई। झारखंड गठन को 24 साल बीत गए लेकिन हमें जहां पहुंचना था वहां नहीं पहुंचे। आदिवासी-मूलवासी उपेक्षित रह गये। राज्य में देश का 40 फीसदी खनिज है, बावजूद इसके लोग रोजगार के लिए भटक रहे हैं। पलायन हो रहा है। जनता भी अब बदलाव के मूड में है। झारखंड को बचाना होगा। 

झारखंड में सभी 14 सीटों पर कमल खिलेगा!
सीता सोरेन ने कहा कि हमें मिलकर, झारखंड, झारखंडी और झारखंडियत को बचाना होगा। मेरा यही मकसद है। प्रदेश की जनता को न्याय दिलाना है। हम सब मिलकर पीएम मोदी की सोच को साकार करने के लिए काम करेंगे। मेरे पति की जो भी सोच थी वह पूरा होगा। सीता सोरेन ने कहा कि मैंने बहुत बड़े मकसद के साथ झामुमो ज्वॉइन किया है। झारखंड को झुकाएंगे नहीं। झारखंड को बचाएंगे। सभी 14 लोकसभा सीटें जीतेंगे।