logo

अचानक ट्रेन के पहिए से निकलने लगा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

्पहोोोोो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
धनबाद से पटना जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस हादसे का शिकार होते-होते बच गई। दरअसल ट्रेन के पहिए से धुआं निकलने लगा था जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। जामताड़ा स्टेशन के पास यह घटना घटी जिसके बाद काफी देर तक ट्रेन को रोका गया। रेल कर्मचारियों ने पहिए की जांच की उसे ठीक किया तब जाकर ट्रेन आगे बढ़ी। दो बार ट्रेन को ट्रायल के रूप में चलाकर देखा गया। सबकुछ ठीक लगा उसके बाद ही  ट्रेन पटना के लिए रवाना हुई। कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने  प्रभावित हिस्से को दुरुस्त किया। 


यात्रियों में मची अफरा तफरी 
बता दें कि धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस दिन के 11:05 बजे रवाना हुई थी। चित्तरंजन स्टेशन से खुलते ही यात्रियों की नजर ट्रेन के पहिए पर पड़ी, जहां से धुआं निकल रहा था। जामताड़ा पहुंच कर जैसे ही ट्रेन रुकी यात्री शोर मचाने लगे। अफरा तफरी में यात्री नीचे उतरने लगे। 


9 घंटे लेट से पहुंची ट्रेन 
घटना का कारण ब्रेक बाइंडिंग बताया गया। इस घटना के कारण पहले से लेट चल रही ट्रेन लगभग छह घंटे विलंब से रात के तकरीबन 11 बजे पटना पहुंची। दूसरी ओर, ट्रैफिक ब्लॉक के कारण पटना से धनबाद आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार शाम के बदले लगभग नौ घंटे देर से रात 12 बजे के बाद धनबाद पहुंची।