logo

गिरिडीह : धनवार में चोरी की 35 किलो चांदी के साथ तस्कर गिरफ्तार, अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये

jkryuuye.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनवार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की चांदी के जेवरात के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चांदी का कुल वजन लगभग 35.351 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 18 जनवरी 2026 को उन्हें गुप्त सूचना मिली कि धनवार थाना क्षेत्र में एक गिरोह चोरी की चांदी के जेवरात को बाजार में बेचने की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खोरीमहुआ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक स्विफ्ट डिजायर कार (पंजीकरण संख्या WB04G-5772) को रोका। वाहन चालक ने अपना नाम हजरत अंसारी, उम्र लगभग 25 वर्ष, पिता दिल मोहम्मद मियां, निवासी ग्राम मनगसो, थाना धनवार, जिला गिरिडीह बताया। संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीट के पास एक सफेद प्लास्टिक का थैला और एक बैग बरामद हुआ। थैले में छह पीस पिघली हुई चांदी मिले, जिनका कुल वजन 32 किलो 457 ग्राम था। बैग से बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए। सभी चांदी मिलाकर कुल वजन लगभग 35.351 किलोग्राम पाया गया।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने चांदी के सभी जेवरात और वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में धनवार थाना में कांड संख्या 11/2026, दिनांक 18.01.2026, धारा 317(2)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ने यह भी कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

 

Tags - latest jharkhand News jharkhand News Updates latest jharkhand News jharkhand Updates in hindi latest updates Jharkhand jharkhand news in hindi Giridih news updates latest Giridih news Giridih news in hindi