द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के महुदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलटांड मुख्य सड़क किनारे झाड़ियों में 65 वर्षीय शेख हलीम का गर्दन कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही महुदा पुलिस और एसआईटी की टीम जांच में जुट गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। मामले का खुलासा करते हुए बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने बताया कि हत्या के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य वजह बनकर सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शेख हलीम को अपने बेटे से देखभाल को लेकर शिकायत थी। वह कई बार बेटे को अपनी संपत्ति से बेदखल करने की बात कह चुके थे। इसी बात से नाराज होकर बेटे ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत शेख हलीम की निर्मम हत्या कर शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया ताकि मामले को छिपाया जा सके।

गर्दन कटा शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच
शनिवार को महुदा पुलिस को कुलटांड क्षेत्र में एक गर्दन कटी लाश मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान भूरूंगिया निवासी शेख हलीम के रूप में की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

खून से सना टी-शर्ट और बाइक बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी शेख शहजाद का खून लगा टी-शर्ट बरामद किया है। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (संख्या JH10CL-7623) भी जब्त कर ली गई है। डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।