logo

पाकुड़ : अवैध खनन और परिवहन रोकने को लेकर चला विशेष जांच अभियान, 19 वाहनों पर की गई कार्रवाई

sdb5yse.jpg

नंदलाल तुरी
उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देशानुसार गुरुवार देर रात जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर रोकथाम के लिए विशेष संयुक्त वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश चौधरी, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर विजय कुमार और खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
जांच के दौरान पाकुड़ नगर क्षेत्र, कोयला रोड चौक, शिवताला, शहरग्राम चौक, डांगापाड़ा और कोयला रोड मार्ग पर परिचालित सभी भारी वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान वाहनों के माइनिंग चालान, ओवरलोडिंग, तिरपाल की स्थिति, फिटनेस प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की समीक्षा की गई। अभियान के दौरान कुल 30 से 35 भारी वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 19 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों से जुर्माने की राशि वसूली जा रही है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई निरंतर और सख्ती से जारी रहेगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि रात्रिकालीन जांच नियमित रूप से जारी रहे, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest updates Jharkhand Jharkhand News updates Pakur News Pakur News in Hindi latest Pakur News Pakur News in hindi Pakur News updates latest jharkhand News jharkhand News Updates