logo

पलामू पुलिस की बड़ी कामयाबी, 10 साल से लापता युवक को कोलकाता से सकुशल बरामद किया

PALAMU0000111.jpg

पलामू 
झारखंड के पलामू जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। करीब 10 वर्षों से लापता युवक को पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित South 24 Parganas क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया। युवक बांग्लादेश बॉर्डर के आसपास मौजूद था।
मामला 18 दिसंबर 2025 का है, जब छत्तरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काला पहाड़ निवासी मंगल परहिया ने आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र मंदीस परहिया लगभग 10 वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में घर से निकला था और उसके बाद से परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू की पुलिस अधीक्षक ने त्वरित संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छत्तरपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता और अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल किए गए।


जांच के दौरान पुलिस ने मानवीय सूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण का प्रभावी उपयोग किया। तकनीकी इनपुट के आधार पर यह महत्वपूर्ण सुराग मिला कि मंदीस परहिया वर्तमान में कोलकाता के साउथ 24 परगना इलाके में मौजूद है। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत पश्चिम बंगाल रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग और सतत प्रयासों के बाद युवक को सफलतापूर्वक खोज निकाला गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे सुरक्षित पलामू लाया गया।
करीब एक दशक बाद अपने पुत्र को जीवित और सुरक्षित देखकर पिता मंगल परहिया और उनके परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। परिवार ने इस मानवीय पहल के लिए पलामू पुलिस का आभार जताया। गठित विशेष टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवध कुमार यादव, थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, अनुसंधानकर्ता धर्मवीर कुमार यादव और छत्तरपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


 

Tags - Jharkhand Police Achievement Ten Years Missing Case SIT Investigation Success Human Intelligence Network Cross State Police Coordination