नंदलाल तुरी
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा शनिवार को पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने किया। जांच के दौरान अवैध टोटो/ऑटो संचालन, बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना हेलमेट और ओवर स्पीडिंग जैसे मामलों पर कार्रवाई की गई। अभियान के क्रम में कुल 08 टोटो और 12 मोटरसाइकिलों पर यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 18,500 रुपये का ऑनलाइन जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने बताया कि जिले में परिचालित सभी टोटो और ऑटो चालकों को निर्देश दिया गया था कि 31 अक्टूबर तक अपने वाहनों का रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित ड्रेस कोड (टोटो के लिए नीला, ऑटो के लिए खाकी) अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में समय-समय पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाए जाएंगे। डीटीओ ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें, यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें।
.jpeg)