logo

ईद मिलादुन्नबी : एसएसपी ने मुस्लिम संगठनों से की अपील, कहा- नहीं निकालें जुलूस, जानें क्या है कारण

4.jpg

रांची :

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 9 अक्टूबर को निकाले जाने वाला जुलूस-ए-मोहम्मदी अब मेन रोड में नहीं निकाली जाएगी। जुलूस निकालने को लेकर मुस्लिम संगठन दो हिस्सों में बंट गए। एक ओर सुन्नी बरेलवी सेंट्रल कमेटी ने लिखित तौर पर रांची डीसी-एसएसपी को कहा था कि जुलूस नहीं निकालेंगे। मीडिया के माध्यम से भी कमेटी ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर रांची के मेन रोड में जुलूस ए मोहम्मदी नहीं निकालने का फैसला लिया है। वहीं, दूसरे मुस्लिम संगठन ने जुलूस निकालने की बात कहते हुए तैयारी शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी किशोर कौशल खुद कांटाटोली पहुंचे। आजाद कॉलोनी स्थित अंजुमन इस्लामिया नूरिया के सदर हाजी सऊद आलम, हाजी शमशु, मुजीब कुरैशी और लोगों से अपील किया कि इस बार जुलूस-ए-मोहम्मदी नहीं निकाले। रांची में अंतरराष्ट्रीय मैच हो रही है। सुरक्षा को देखते हुए हमारी अपील को स्वीकार करें। इस पर  मुजीब कुरैशी ने कहा कि पुरखों के जमाने से जुलुस निकलते आया है। इस बार भी निकलनी चाहिए, आप सुरक्षा मुहैया कराएं। इस पर एसएसपी ने कहा कि इस बार नहीं अगली बार हम लोग सब मिलकर अच्छी तरह से जुलूस ए मोहम्मदी निकालेंगे।

जुलूस नहीं निकालने का हो सकता है निर्णय

जुलूस-ए-मोहम्मदी को मेन रोड नहीं ले जाने के निर्णय को लेकर रांची के मुस्लिम संगठन दो गुट में बंट गए हैं। सुन्नी बरेलवी सेंट्रल कमेटी के तत्वाधान में जुलूस हर साल निकाला जाता है। लेकिन इस साल भारत व साउथ अफ्रीका के बीच वन-डे क्रिकेट मैच व भीड़ का फायदा उठाकर नापाक हरकत किए जाने की खुफिया विभाग की सूचना को लेकर कमेटी ने घोषणा की है कि कोई जुलूस मेन रोड नहीं आएगा। सभी अपने-अपने मोहल्ले में ही कार्यक्रम करेंगे। इसको लेकर कांटाटोली में विभिन्न मुस्लिम संगठनों ने 5 अक्टूबर को कुरैशी मोहल्ला और मौलाना आजाद कॉलोनी में बैठक कर कहा कि जुलूस पूरे उत्साह के साथ निकाली जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। हालांकि, एसएसपी के खुद मुस्लिम संगठनों से मुलाकात कर जुलूस नहीं निकालने की अपील का असर देखने को मिलेगा। जानकारी के अनुसार अब जुलूस मेन रोड में नहीं निकाले जाने का का निर्णय लिया जा सकता है।