द फॉलोअप, रांची
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हरमू स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को मंत्र मुग्ध हो पूरे उत्साह के साथ सुना। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी मुख्य रूप से मौजूद थे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के माध्यम से युवाओं को नवाचार, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री की प्रेरणादायी बातें सदैव हमें राष्ट्र निर्माण के कार्य में और अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ जुटने की प्रेरणा देती हैं।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ओजस्वी मार्गदर्शन 140 करोड़ देशवासियों के मन में सदैव एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। मन की बात रेडियो पर प्रसारण होने वाला मात्र एक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि देश के नागरिकों के अंदर राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचारों ने सदैव राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और समाज सेवा के प्रति सभी को प्रेरित किया है।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने गौतम बुद्ध के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि “शांति भीतर से शुरू होती है और स्वयं पर विजय ही सबसे बड़ी विजय है”, जो आज के समय में और भी प्रासंगिक है। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा एवं बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, शालिनी बैसखियार एवं दिलीप वर्मा, आरती कुजूर, सुबोध सिंह गुड्डू,अशोक बड़ाइक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
