रांची
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आधार कार्ड में त्रुटियों को लेकर सदन में गंभीर चर्चा हुई। भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि आधार सुधार में आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि आधार कार्ड में गलती सुधारने में 30 से 90 दिन तक का समय लग रहा है। ग्रामीणों को रांची तक आना पड़ता है, जिससे समय और पैसा दोनों खर्च हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जिला स्तर पर आधार सुधार की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस पर परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने जवाब देते हुए कहा कि आधार से जुड़ी सुधार प्रक्रिया भारत सरकार के अधीन है और इसका मुख्यालय बेंगलुरु में स्थित है। राज्य सरकार सीधे इस प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं कर सकती।

हालांकि मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार भारत सरकार से आग्रह करेगी कि जिला मुख्यालय या प्रमंडल स्तर पर आधार सुधार केंद्र खोले जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की निर्धारित एसओपी (Standard Operating Procedure) के तहत ही प्रक्रिया संचालित होती है, लेकिन जनहित को देखते हुए रीजनल स्तर पर सेंटर खोलने की मांग की जाएगी।
विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि राज्य की अधिकांश सरकारी योजनाएं आधार से जुड़ी हुई हैं। आधार में त्रुटि होने के कारण ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में जिला स्तर पर आधार सुधार केंद्र खोलना जरूरी है, ताकि लोगों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
