logo

शिक्षकों की नियुक्ति के लिए राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग का गठन हो - बंधु तिर्की

bandhu15.jpg

रांची 
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि राज्य में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग का गठन किया जाये। कहा, राज्य सरकार झारखंड फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी की स्थापना करने के बजाय रांची विश्वविद्यालय के यूजीसी ह्युमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर का विकास करे। इसका आधुनिकीकरण और उन्नयन के साथ उसे सुविधा संपन्न बनाने के प्रति गंभीर रहे। कहा राज्य सरकार प्रयास करे तो यह झारखंड के लिए कहीं अधिक बेहतर और हितकारी होगा। पूर्ववर्ती बिहार में 1992 में रांची विश्वविद्यालय में यूजीसी द्वारा संपोषित अकादमिक स्टाफ कॉलेज की स्थापना की गयी थी। बाद में यूजीसी ह्युमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर का नाम और पहचान मिली। यह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा वित्तीय संपोषित है। इसके आधुनिकीकरण की बहुत अधिक जरूरत है। 

शिक्षकों में गुणात्मक सुधार की जरूरत
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को भेजे गये एक पत्र में तिर्की ने कहा कि झारखंड के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों में गुणात्मक सुधार की जरूरत है। इसके लिए राज्य की गठबंधन सरकार भी संकल्पित है। तभी सरकार ने झारखंड फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी की स्थापना का निर्णय लिया है। लेकिन इसकी बजाय यूजीसी ह्युमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर का आधुनिकीकरण कहीं अधिक प्रासंगिक है। कहा कि झारखंड फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी के लिए नये सिरे से प्रयास करने होंगे। वहीं रांची विश्वविद्यालय के यूजीसी ह्युमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर को बेहतर, उत्कृष्ट, आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने के लिए प्रयासों की जरूरत है। 

अनुभवी हों शिक्षक 
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि खनिज एवं मानव संसाधन के साथ ही झारखंड का संपूर्ण विकास तभी संभव है, जब झारखंड के विश्वविद्यालयों-महाविद्यालयों में शिक्षित, कुशल, व्यावहारिक एवं अनुभवी मानव संसाधन तैयार हो। जो आगे आगे बढ़कर न केवल झारखंड बल्कि देश के विकास में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि इस परिप्रेक्ष्य में यह बहुत जरूरी है कि झारखंड के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को वैसे शिक्षकों का मार्गदर्शन मिले जो अनुभवी एवं शैक्षणिक क्षमता वाले हों। 

Tags - Bandhu TirkeyCommission University Service CommissionJharkhand News