logo

Ranchi : कांग्रेस ACB या CBI नहीं है, सीएम पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर बोले राजेश ठाकुर

rajesh.jpg

रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कैबिनेट मंत्रियों और दुमका विधायक बसंत सोरेन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि फिलहाल कुछ भी साबित नहीं हुआ है। राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सीबीआई, एसीबी या ईडी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती हम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकते। दरअसल, द फॉलोअप से बातचीत के दौरान राजेश ठाकुर से गठबंधन में सहयोगी झामुमो नेताओं पर लगे आरोपों के बाबत सवाल पूछा गया था। 

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर कसा तंज
द फॉलोअप से बातचीत के दौरान झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर लगे खनन पट्टा का लीज लेने के आरोपों पर कहा कि देखना होगा आरोप किसने लगाया है।

राजेश ठाकुर ने कहा कि ये आरोप उस व्यक्ति ने लगाए हैं जिनपर खुद भ्रष्टाचार का आरोप है। राजेश ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर टॉफी-टीशर्ट बांटने में वित्तीय अनियमितता के आरोप तथा मोमेंटम झारखंड को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लगे आरोपों की सत्यता क्या है। 

भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस का स्टैंड क्या
ये पूछने पर कि राहुल गांधी राजनीति में नैतिकता को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कुछ कैबिनेट मंत्रियों पर भ्रष्टाचार और अनैतिकता के गंभीर आरोप लगे हैं, कांग्रेस का स्टैंड क्या है। जवाब में राजेश ठाकुर ने कहा कि हम गठबंधन धर्म का पालन कर रहे हैं। साथी के साथ खड़े हैं। जांच में कुछ साबित होगा तो जो स्टैंड लेना होगा लेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग तो चोरी और सीनाजोरी भी करते हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा पर किसानों को कुचलने के आरोपों पर कहा कि, उनका बचाव तो खुद प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। 

जांच एजेंसियां फिलहाल अपना काम कर रही है! 
राजेश ठाकुर ने कहा कि आरोपों पर जांच एजेंसियां अपना काम कर रही है। फिलहाल कुछ भी साबित नहीं हुआ है। हम सहयोगी पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इसमें हमारे स्टैंड का कोई मतलब नहीं है जब केवल आरोप लगे हैं। राजेश ठाकुर ने कहा कि यदि रघुवर दास हमारे पास आरोपों की कॉपी लेकर आएंगे तो हम फैसला करेंगे कि क्या करना है।

उन्होंने पक्षपात का भी आरोप लगाया। कांके विधायक द्वारा कथित तौर पर गलत जाति प्रमाण पत्र पेश करने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हमने राज्यपाल से इस विषय में शिकायत की थी। उस पर कोई बात नहीं कर रहा।