logo

दुमका में आवारा कुत्ते का तांडव, 4 गांवों के 10 लोगों को किया घायल, 2 की हालत गंभीर

DOG00241.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में सोमवार को एक आवारा कुत्ते ने चार गांवों के 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में दो लोगों की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारीपाड़ा की चिकित्सक डॉ. स्वर्ण प्रिया लकड़ा ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सात लोगों को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, दुमका रेफर कर दिया गया। घायलों को खाडू कदमा पंचायत के मुखिया साइमन सोरेन के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मौके पर मौजूद चिकित्सक ने सभी का इलाज किया और गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल रेफर किया।
घायलों में अफसाना खातून (11 वर्ष, खाडू कदमा), मेमुनिया खातून (15 वर्ष, ढाका), परिमल टुडू (25 वर्ष, प्रतापपुर), शीला हेंब्रम (29 वर्ष, जामबाद), उस्मान अंसारी (5 वर्ष, प्रतापपुर), अनिकेत टुडू (12 वर्ष, जामबाद), आयुष अंसारी (5 वर्ष, खाडू कदमा), लाल मरांडी (25 वर्ष, प्रतापपुर) और चरण टुडू (25 वर्ष, प्रतापपुर) शामिल हैं। मेमुनिया खातून, उस्मान अंसारी और चरण टुडू को छोड़कर शेष सात लोगों को दुमका रेफर किया गया है। चिकित्सक के अनुसार, दो घायलों के माथे पर गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद एजाज आलम और अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।

 

Tags - stray dog attack Jharkhand children injured in dog attack India community health center Shikaripara Shikaripara dog bite incident