logo

झारखंड में  छात्रों को मिलेगी NEET-JEE की मुफ्त कोचिंग, पहले चरण में 300 स्टूडेंट्स को मिलेगा लाभ

se55.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार ने अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए एक ऐतिहासिक पहल की है। अब राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थी कोटा के प्रतिष्ठित मोशन एजुकेशन संस्थान की मदद से NEET और JEE जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग झारखंड में ही प्राप्त कर सकेंगे। यह कोचिंग रांची के हिंदपीढ़ी स्थित कल्याण विभाग के भवन में संचालित होगी। योजना का संचालन एवं निगरानी अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग करेगा। पहले चरण में लगभग 300 छात्रों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिन्हें शैक्षणिक योग्यता और तय मापदंडों के आधार पर चुना गया है।
राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने इसे झारखंड के विद्यार्थियों के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के बच्चों को IIT, AIIMS और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुँचाने के लिए उन्हें उचित मार्गदर्शन और संसाधन दिए जाएं। उन्होंने कहा कि कई होनहार छात्र केवल आर्थिक तंगी और सही तैयारी के अभाव में पीछे रह जाते हैं, जिसे यह योजना दूर करने में मदद करेगी।
मंत्री ने कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी के साथ छात्रावास, पुस्तकालय और भोजनालय का निरीक्षण भी किया और सभी ज़रूरी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगली योजनाओं में झारखंड के विद्यार्थियों को UPSC और सिविल सेवा जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। पहले चरण में ST वर्ग, फिर SC और उसके बाद OBC वर्ग के छात्र इस योजना से लाभान्वित होंगे।
चमरा लिंडा ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें सही दिशा, अवसर और साधन देने की आवश्यकता है। यह योजना राज्य के युवाओं को न केवल शिक्षा में आगे बढ़ने का मंच देगी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और नई ऊर्जा भी भरेगी। सरकार का प्रयास है कि झारखंड का कोई भी मेधावी छात्र अवसर के अभाव में पीछे न छूटे।



 

Tags - latest Jharkhand News jharkhand News updates Latest jharkhand News Jharkhand Free NEET coachingJharkhand Free NEET coaching news Jharkhand Free NEET coaching news Updates latest Jharkhand Free NEET coaching news latest jharkhand News Jharkhand new