रांची
देश में बढ़ते पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस की ओर से अलग-अलग राज्यों में "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड कांग्रेस ने रविवार को "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत राजधानी रांची में विशाल मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान कांग्रेस के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश बैठा, रांची महानगर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष कुमार राजा सहित प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं, भारी संख्या में पार्टी के कार्यकर्त्ता और छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। वहीं कांग्रेस नेताओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने के मांग की।

लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में
इसके साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोड़दार तरीके से प्रदर्शन किया। मशाल जुलूस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए एग्जाम सिस्टम को सही तरीके से संचालित नहीं कर पाने का गंभीर आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में बढ़ते पेपर लीक के कारण लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। युवाओं में निराशा बढ़ रही है, इसलिए देश का जेन-जी मोदी सरकार के इस अन्याय को कभी नहीं सहेगा। कांग्रेस ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
