logo

मांडर उपचुनाव : हेमंत सरकार में हावी है अफसरशाही, लोगों को लगाना पड़ता है ऑफिस का चक्कर: सुदेश महतो

a283.jpg

डेस्क: 

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने सोमवार को मांडर के बिजुपाड़ा और चान्हो मंडल में जन-चौपाल को संबोधित किया। सुदेश महतो ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मांडर की जनता सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र को लेकर नहीं बल्कि पूरे राज्य में व्याप्त कुशासन के खिलाफ वोट करेगी।

वर्तमान सरकार झूठ की बुनियाद पर खड़ी है। झामुमो महागठबंधन ने सरकार और जनता के बीच की विश्वास की डोरी को कमजोर कर दिया। ढाई वर्षों में विकास का कोई कार्य नहीं हुआ।
ग्राम सभा, पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर करने में भी इस सरकार ने कोई कमी नहीं छोड़ी। 

राज्य में अफसरशाही हावी है
साथ ही उन्होंने कहा कि आज राज्य में अफसरशाही इस कदर हावी है कि छोटे-छोटे कार्यों को लेकर जनता को प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में कितने आवेदन आए और कितनी समस्याओं का निराकरण हुआ, इसका रिपोर्ट सरकार ने अब तक नहीं दिया। कहा कि राज्य में 2 सालों से शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। 


कोरोना के नाम पर सरकार ने सिर्फ समय काटा। बच्चों को पढ़ाई हेतु समुचित संसाधन उपलब्ध नही कराये गए। यह राज्य के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार की दिशा में इस सरकार ने एक भी कार्य नहीं किया।

एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मांगा वोट
ज्ञात हो कि आगामी 23 जून को मांडर विधानसभा के लिए उपचुनाव निर्धारित है। इसी क्रम में आज बिजुपाड़ा एवं चान्हो मंडल में आयोजित जन चौपाल में सुदेश कुमार महतो ने जनता से सीधा संवाद कर एनडीए की उम्मीदवार एवं भाजपा नेत्री गंगोत्री कुजूर के पक्ष में वोट करने हेतु जनता से अपील की।

आज जिन पंचायतों में सुदेश कुमार महतो ने जन चौपाल को संबोधित किया उसमें करकट, पंड्री, पतरातु एवं रघुनाथपुर पंचायत मुख्य रूप से शामिल थे।