रांची
अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने और यात्रियों तथा आम लोगों के हताहत होने पर आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने गहरी संवेदना जाहिर की है। कहा है कि लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान का अहमदाबाद हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत पीड़ादायक और मन को विचलित करने वाली घटना है। महतो ने कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ हैं। भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए विशेष कदम उठाए जाने चाहिए तथा सुरक्षित प्रणाली विकसित की जाए। पार्टी के अन्य नेताओं सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक लंबोदर महतो, डॉ देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, डोमन सिंह मुंडा आदि ने भी हादसे पर दुःख जताया है।
बता दें कि गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 गुरुवार दोपहर एक हादसे का शिकार हो गई। इसमें 204 लोगों के मारे जाने की खबर की पुष्टि हो चुकी है। बता दें कि विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। यात्रियों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम भी शामिल है। घटना के बाद स्थिति को स्पष्ट करने और जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में कहा है, “फ्लाइट संख्या AI171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई थी, दुर्भाग्यवश दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे।” फिलहाल हादसे के कारणों और हताहतों को लेकर आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। एयर इंडिया और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।