logo

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेने पत्नी के साथ रवाना हुए सुदेश महतो

a1202.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो अपनी पत्नी के साथ अयोध्या रवाना हो गए हैं। सुदेश महतो कल राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेंगे। सुदेश महतो को समारोह में झारखंड से राजकीय अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता मिला था। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, खेल, सिनेमा, कला और समाजसेवा से जुड़ी चर्चित शख्सियतों और साधु-संतों की मौजूदगी में राम मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। झारखंड में बीजेपी के नेता, सांसद और विधायक 29 जनवरी को एक जत्थे में श्रीरामलला के दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या जाएंगे। इससे पहले 22 जनवरी को रांची में दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

 

एनडीए गठबंधन का हिस्सा है आजसू पार्टी
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं। पिछला विधानसभा चुनाव अलग लड़ने के बाद इस बार सुदेश महतो भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। राष्ट्रपति चुनाव में भी सुदेश महतो ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया था। इसके बाद रामगढ़ और डुमरी का उपचुनाव भी साथ मिलकर लड़ा। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी साथ लड़ेंगे। इसी बीच राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सुदेश महतो को बतौर राजकीय अतिथि आमंत्रित किया गया था। 22 जनवरी को होने वाले समारोह के लिए सुदेश महतो 21 जनवरी को ही अपनी धर्मपत्नी के साथ रवाना हो गए हैं। 

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए तैयार अयोध्या
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अयोध्या तैयार है। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर में अनुष्ठान शुरू हो चुका है। राजधानी रांची में भी आज भजन संध्या का आयोजन किया गया है। विश्व हिंदू परिषद, एबीवीपी, आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरी राजधानी को भगवा पताकाओं से सजाने में लगे हैं। झारखँड में कल सरकारी कार्यालयों में आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया गया है। वहीं, सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है।