पलामू
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो आज लातेहार में युवा आजसू के पलामू प्रमंडलीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कहा कि सरकार को युवा वर्ग को नजरअंदाज करना भारी पड़ेगा। कहा कि युवा शक्ति ही झारखंड की दिशा बदलेगी। राज्य सरकार युवाओं के हितों को नजरअंदाज कर रही है और राज्य में माफिया राज चल रहा है, जो उसे भारी पड़ेगा।
महतो ने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। झारखंड के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक बदलाव में युवाओं की भागीदारी निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने, समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनने तथा राज्य के अधिकार, पहचान और विकास के लिए मजबूती से संघर्ष करने का आह्वान किया।

युवा वर्ग के लिए लड़ती रही है आजसू पार्टी
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान एवं विकास के लिए संघर्ष जारी रहेगा। युवा आजसू का पलामू प्रमंडल स्तरीय युवा सम्मेलन सह सामाजिक मंथन कार्यक्रम लादू बाबु बैंक्वेट हॉल, चंदवा (लातेहार) में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों, युवा साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने सुदेश महतो का गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत जी शामिल हुए।

डॉ भगत ने बताई आयोजन की महत्ता
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ भगत ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं के विचार, संगठन की मजबूती और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर मंथन का सशक्त मंच बना। बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि झारखंड का भविष्य जागरूक और मजबूत हाथों में है।
इस मौके पर केंद्रीय सचिव शंकर विश्वकर्मा, विकेश शुक्ला, इम्तियाज अहमद नजमी, विजय मेहता, जितेंद्र सिंह, गढ़वा जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, लातेहार जिला अध्यक्ष अमित पांडे, लातेहार महिला जिलाध्यक्ष रीमा देवी जी, तुलसी शुक्ला, शंकर उरांव, मुकेश यादव, नीरज यादव, राहुल मिश्रा, रविन्द्र ठाकुर के साथ पार्टी के कई सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
