logo

25 वर्षों की दोस्ती आज खत्म हुई, मंथन होगा; हरेलाल महतो के भाजपा में जाने पर बोले सुदेश महतो

25 वर्षों की दोस्ती आज खत्म हुई, मंथन होगा; हरेलाल महतो के भाजपा में जाने पर बोले सुदेश महतो

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: आजसू पार्टी (Ajsu Party) के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ सीट पर पिछले 2 विधानसभा चुनावों में प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो (Harelal Mahto) के भाजपा ज्वॉइन करने पर सुदेश महतो (Sudesh Mahto) की महत्वपूर्ण टिप्पणी सामने आई है। सुदेश महतो ने हरेलाल महतो के भाजपा ज्वॉइन करने के सवाल पर कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि राजनीति में किसी व्यक्ति के संगठन में आने-जाने से फर्क नहीं पड़ता, लेकिन यहां पड़ेगा। सुदेश महतो ने कहा कि फर्क इसलिए पड़ेगा कि हरेलाल महतो आजसू पार्टी छोड़कर कहां गए हैं। उन्होंने कहा कि सवाल उठेगा कि 25 साल की दोस्ती, ईमानदारी और संबधों को आंकने का मानक क्या है। यदि दोस्ती का मतलब यह होता तो इसपर मंथन करना पड़ेगा। 

सुदेश महतो का यह बयान राजनीतिक लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि आजसू पार्टी झारखंड में एनडीए गठबंधन (Jharkhand NDA) का प्रमुख घटक दल है। गौरतलब है कि 2019 और 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में ईचागढ़ सीट पर आजसू पार्टी के उम्मीदवार रहे हरेलाल महतो ने आज भाजपा का दामन थाम लिया।

इस कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री अमर बाउरी समेत कई लोग शामिल हुए। 

हरेलाल महतो पर भाजपा नेता क्या बोले!
हरेलाल महतो के आजसू पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने के सवाल पर, जबकि दोनों दल एक ही गठबंधन का हिस्सा हैं, मधु कोड़ा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है। मधु कोड़ा ने कहा कि नेताओं का दल बदलना राजनीतिक में चलता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि संबंधित व्यक्ति को कब कौन सी विचारधारा पसंद आती है। मधु कोड़ा ने हरेलाल महतो को जनसेवक बताते हुए कहा कि वह आजसू पार्टी में भी जनसेवा करते थे और भाजपा में भी वही करेंगे। अर्जुन मुंडा ने कहा कि हरेलाल महतो के भाजपा ज्वॉइन करने से कितना बड़ा चुनावी फायदा होगा, अभी कहना जल्दीबाजी होगी। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी का जनाधार मजबूत होगा। 

गिरिडीह उपचुनाव की तैयारी में जुटी आजसू!
इस बीच गिरिडीह में सुदेश महतो की मौजूदगी में आजसू पार्टी के जनसंवाद कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टिकोण  से अहम माना जा रहा है। इसे गिरिडीह में उपचुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी का तर्क है कि यह पूरे झारखंड में संचालित होने वाले जन संवाद अभियान की शुरुआत भर है। इसका चुनाव से संबंध नहीं है।  


 

Tags - Sudesh MahtoHarelal MahtoJharkhand BJPAJSU PartyJharkhand News