द फॉलोअप डेस्क
कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद सोमवार को जामताड़ा में उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी और वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच तीन डॉक्टरों की विशेष मेडिकल टीम ने पूरी की। दोपहर 1:30 बजे शुरू हुई पोस्टमार्टम प्रक्रिया करीब एक घंटे बाद समाप्त हुई। इस दौरान जामताड़ा सीओ सह प्रभारी बीडीओ अवेश्वर मुर्मू मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। मेडिकल टीम ने शव से दो गोलियां बरामद कीं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गोली लगने के कई निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही वरीय अधिकारियों को सौंपी जाएगी।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन, थाने में पूछताछ
पोस्टमार्टम के बाद मृतक गैंगस्टर के परिजन रोते-बिलखते जामताड़ा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सुजीत सिन्हा की सास उषा देवी और साला आयुष कुमार के साथ पड़ोस के एक महिला और एक पुरुष भी मौजूद थे। मीडिया से बातचीत में आयुष कुमार ने कहा कि पहले वह अपने जीजाजी के शव को देखेंगे, उसके बाद ही मीडिया या पुलिस के सामने कुछ कहेंगे। पोस्टमार्टम के तुरंत बाद पुलिस ने सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी परिजनों और उनके साथ आए लोगों को जामताड़ा थाना ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।

12 वर्षीय बेटे को सौंपा जा सकता है शव
जानकारी के अनुसार, सुजीत सिन्हा का एक 12 वर्षीय पुत्र है। संभावना जताई जा रही है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उसके परिजनों को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि सुजीत की सास उषा देवी और साला आयुष कुमार मूल रूप से रांची के रातू थाना क्षेत्र के पंडरा के निवासी हैं। पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया जारी रखे हुए है।