द फॉलोअप डेस्कः
दिल्ली शराब घोटाले में बीते 17 महीनों से जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को जमानत दे दी। अब वे जल्द ही जेल से बाहर आ सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कुछ शर्तों के साथ जमानत दी है।

कोर्ट का कहना है कि उन्हें अपना पासपोर्ट सरेंडर करना होगा और गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश नहीं करनी होगी। जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस केवी विश्वनाथ की पीठ ने तीन दिन पहले छह अगस्त को सिसोदिया की जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया था।

इधर, आम आदमी पार्टी (आप) ने मनीष सिसोदिया को जमानत दिए जाने के उच्चतम न्यायालय के फैसले को ‘‘सत्य की जीत’’ करार देते हुए शुक्रवार को उम्मीद जताई कि जेल में बंद पार्टी के अन्य नेताओं को भी ‘‘न्याय मिलेगा।’’