द फॉलोअप डेस्क
एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने का आह्वान कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में इस अभियान की गंभीर अनदेखी देखने को मिल रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में बने सामुदायिक शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इन शौचालयों के निर्माण के बाद से आज तक टंकियों में पानी नहीं चढ़ाया गया, न ही उनकी नियमित सफाई की जाती है। पानी और सफाई की व्यवस्था न होने के कारण शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे लोग उनका उपयोग करने से कतराने लगे हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों विशेष रूप से बस स्टैंड, बड़ा बाजार, जुलू पार्क, कोर्रा और गांधी मैदान के आसपास बने सामुदायिक शौचालय लंबे समय से उपेक्षित पड़े हैं। जब लोग विवश होकर इनका इस्तेमाल करते हैं, तो पानी की अनुपलब्धता के कारण सफाई न होने से शौचालय बदबू और गंदगी से भर जाते हैं।
लोगों का कहना है कि इस स्थिति के चलते कई लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की पोल खुल रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल इन शौचालयों में पानी की आपूर्ति और सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है ताकि शहर में स्वच्छ भारत मिशन का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।
.jpg)