रांची
राज सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसले में गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव तदाशा मिश्र को राज्य का प्रभारी डीजीपी नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा गुरुवार की रात अधिसूचना जारी कर दी गई। साथ ही राज्य के वर्तमान डीजीपी अनुराग गुप्ता के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति संबंधी दिए गए आवेदन को स्वीकार कर लिया गया। मालूम हो कि अनुराग गुप्ता ने मंगलवार की शाम डीजीपी पद से हटाने का आवेदन राज्य सरकार को सौंप दिया था। उसके बाद से राज्य सरकार के शीर्ष स्तर पर नए डीजीपी को लेकर मंथन जारी था। गुरुवार की रात लगभग 10:00 बजे सरकार द्वारा नए डीजीपी बनाए जाने संबंधी अधिसूचना को जारी कर दिया गया। यहां यह भी मालूम हो कि अनुराग गुप्ता को डीजीपी बनाए जाने के बाद से ही कई तरह के विवाद खड़े हो गए थे। केंद्र सरकार ने उन्हें डीजीपी बनाने के फैसले को गलत करार दिया था। महालेखाकार ने भी उनका वेतन पुर्जा जारी करने से इनकार कर दिया था। लेकिन बाद में महालेखाकर कार्यालय ने इस शर्त पर वेतन पुर्जा जारी किया कि न्यायालय के फैसले से वेतन जारी करने का निर्णय प्रभावित होगा। अनुराग गुप्ता को डीजीपी बनाए जाने को लेकर अभी भी हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है की अनुराग गुप्ता ने अचानक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन क्यों देना पड़ा जबकि उनका कार्यकाल 2027 तक था।