द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में अवैध खनन और कोयले के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार शाम उपायुक्त के निर्देश पर गठित विशेष टास्क फोर्स ने छापेमारी कर करीब 5 टन अवैध कोयला जब्त किया। यह कार्रवाई माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में नाला विधानसभा क्षेत्र के बिंदा पत्थर थाना अंतर्गत सोरेन पारा में की गई। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इस इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला जमा कर उसे खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने औचक छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में कोयला भंडारित पाया गया। जब्त कोयले को ट्रैक्टरों के जरिए सुरक्षित रूप से बिंदा पत्थर थाना परिसर में पहुंचाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम अब इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गई है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि इस तरह की गतिविधियों पर आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
