द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जमशेदपुर के टाटा मोटर्स की कैंटीन में मशीन की सफाई के दौरान एक कर्मचारी हादसे का शिकार हो गया। शनिवार सुबह सब्जी काटने वाली मशीन की सफाई के दौरान सोडेक्सो कंपनी के कर्मचारी तपन कुमार महतो की एक उंगली कटकर अलग हो गयी, जबकि दो अन्य उंगलियां भी बुरी तरह जख्मी हो गयी। घायल कर्मचारी का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है।

तपन महतो नाइट शिफ्ट में काम कर रहा था
घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। तपन कुमार महतो नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सब्जी काटने वाली मशीन की सफाई करते समय उनका हाथ उसकी चपेट में आ गया। उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया। कर्मचारी के अनुसार, अस्पताल पहुंचने में हुई देरी के कारण कटी हुई उंगली को दोबारा जोड़ना संभव नहीं हो सका।

कंपनी उठा रही खर्च
दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद नेता विनोद यादव टीएमएच पहुंचे और घायल कर्मचारी से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने सोडेक्सो कंपनी के अधिकारी पवन कुमार सिंह से भी बात की। अधिकारी ने बताया कि कंपनी कर्मचारी के इलाज का खर्च उठा रही है, लेकिन मुआवजे के संबंध में जानकारी नहीं होने की बात कही। विनोद यादव ने कहा कि कर्मचारी को उचित मुआवजा और भविष्य के लिए जरूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए।