द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के युवा कलाकारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गीता थिएटर द्वारा आगामी रविवार, 30 नवंबर 2025 को आयोजित की जाने वाली एक दिवसीय एक्टिंग वर्कशॉप को टाटा स्टील का स्पॉन्सरशिप मिल गया है। सहयोग मिलने के बाद वर्कशॉप का पंजीकरण शुल्क हटाकर इसे पूरी तरह निःशुल्क कर दिया गया है। गीता थिएटर ने बताया कि टाटा स्टील और संस्था के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। टाटा स्टील ने न केवल सहयोग दिया, बल्कि वर्कशॉप आयोजन के लिए धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर हॉल भी उपलब्ध कराया। साथ ही यह आग्रह किया कि वर्कशॉप सभी इच्छुक युवाओं के लिए निःशुल्क की जाए, ताकि शहर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी इसमें शामिल हो सकें।
टाटा स्टील अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में नाटक, मंचन और शॉर्ट फिल्म निर्माण को लेकर रुचि तेजी से बढ़ रही है और वे सोशल मीडिया तथा यूट्यूब पर अपनी प्रतिभा साझा कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें सही प्रशिक्षण की आवश्यकता है, जिसे यह वर्कशॉप पूरा करेगी। सहयोग की घोषणा के बाद गीता थिएटर ने तुरंत शुल्क वाला पोस्टर हटाकर नया निःशुल्क वर्कशॉप पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया।
यह एक दिवसीय वर्कशॉप थिएटर और सिनेमा की मूल तकनीकों पर आधारित होगी। प्रतिभागियों को मंच नाटक, नुक्कड़ नाटक, शॉर्ट फिल्म मेकिंग, अभिनय तकनीक, संवाद अभ्यास, स्टेज प्रेज़ेंटेशन और प्रोडक्शन मैनेजमेंट से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा रांची और कोलकाता से अनुभवी रंगकर्मियों तथा स्थानीय फिल्म निर्माताओं को विशेष रूप से बुलाया गया है, जो प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

वर्कशॉप 30 नवंबर 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। प्रतिभागियों को सुबह 9:30 बजे तक आधार कार्ड की प्रति के साथ उपस्थित होकर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने बताया कि प्रतिभागियों को आगे टाटा स्टील एवं अन्य संस्थाओं द्वारा आयोजित अखिल भारतीय नाट्य/नृत्य प्रतियोगिताओं, स्थानीय और राष्ट्रीय मंचों तथा जागरूकता आधारित शॉर्ट फिल्मों में अभिनय करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। वर्कशॉप या आगे की कक्षाओं से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पेज @TheatreOfGita या व्हाट्सऐप नंबर 7209441698 पर उपलब्ध होगी। इस आयोजन में टाटा स्टील के साथ झारखंड सरकार फिल्म बोर्ड के सदस्य राजू मित्रा, झारखंड फिल्म टेलीविजन एंड थिएटर एसोसिएशन, सुंदरम संस्था, डॉ. ताजदार आलम, समाजसेवी इंद्रजीत सिंह, चंचल भाटिया, हिंद आईटीआई, रॉबिन हुड आर्मी और लियो क्लब जमशेदपुर का सहयोग भी शामिल है।