logo

जमशेदपुर : तौकीर गोरा हत्याकांड का खुलासा, बदला लेने के लिए अयान ने रची थी हत्या की साजिश; देसी पिस्तौल व 6 खोखे बरामद

taukir.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित इमामबाड़ा के समीप गुरुवार रात अपराधियों ने मो. तौकीर उर्फ गोरा की हत्या कर दी थी। इस मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मसूद इकबाल उर्फ अयान को गिरफ्तार कर लिया है।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि तौकीर और अयान के बीच पुरानी रंजिश थी। बीते सितंबर में तौकीर ने अयान पर चापड़ से जानलेवा हमला किया था। उसी हमले का बदला लेने के लिए हत्या की पूरी साजिश रची गई।
आगे उन्होंने बताया कि घटना के दिन आरोपी कार से पहुंचे और देखते ही तौकीर पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। अयान ने अपने पास मौजूद देसी पिस्तौल से छह राउंड फायरिंग की, जो सीधे तौकीर को लगीं। इसके बाद चापड़ से दोबारा हमला कर उसे जमीन पर छोड़ सभी फरार हो गये।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अयान को उसके घर के पास से धर दबोचा। मसूद इकबाल उर्फ आयान कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 2 मदरसा के पास का ही रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई, जबकि घटनास्थल से छह खोखे जब्त किये गये हैं। 

सिटी एसपी ने बताया कि तौकीर पर भी आपराधिक मामलों का लंबा रिकॉर्ड रहा है। हत्या एवं रंगदारी समेत इस वर्ष ही उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हुए थे। फिलहाल आरोपी अयान को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Tags - jharkhand news jharkhand kahbar jharkhand update jamshedpur news jamshedpur khabar crime news murder acse news