logo

Jharkhand weather Update : झारखंड में 40 के पार जायेगा पारा, कोल्हान में हीटवेव का अलर्ट

temp10.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में फिर से भीषण गर्मी पड़ने लगी है। इसी बीच मौसम के धूप-छांव का खेल जारी रहेगा। 18 मई से अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 मई से संताल परगना, रांची के कुछ हिस्से, पलामू, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह धनबाद, बोकारो, कोल्हान आदि इलाकों में लू चल सकती है। 18 से 20 मई तक कोल्हान में चलने वाली हीट वेव का असर रांची में भी कुछ जगह दिखेगा। इस दौरान रांची में हल्के बादल छाए रहेंगे। उमस की गर्मी बढ़ेगी। 20 मई को रांची में अधिकतम तापमान का पारा 40 से 41 डिग्री के करीब आ सकता है। 


19-20 मई को झारखंड के ही उत्तर-पूर्व इलाके में दोपहर बाद 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हल्की बारिश भी हो सकती है। 21 मई को बादल छाये रहने और 22 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आनेवाले कुछ दिनों में लू के साथ-साथ कई हिस्सों में बारिश भी हो सकती है। 


22 मई को मेघगर्जन के साथ होगी वर्षा
एक बार फिर राजधानी व आसपास के जिलों के मौसम में परिवर्तन के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि राजधानी समेत पूरे राज्य में 21 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 22 मई को रांची व निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो में भी मेघगर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है।


कहा रहा कितना तापमान 
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 1 मिमी गिरिडीह, हजारीबाग और खूंटी में रिकार्ड की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री चाईबासा का रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Tags - Jharkhand Weather Summer in Jharkhand Hot Weather of Jharkhand Jharkhand Weather Update Heatwave in Jharkhand